हम टीवी नहीं देखते जनाब


|| हम टीवी नहीं देखते जनाब|| 


हम उन लोगों में हैं जो टेलीविजन नहीं देखते। यकीनन छोटी बड़ी सूचनाओं या बेकार की बकवास से भी दूर रहते हैं। हम देखते हैं अपनी छोटी नदियों को,बढ़ते पौधों को,अनेकों पंछियों को और उन नौजवानों को जिनके लिये क्या कहूँ अफ़सोस बहुत होता है। ये सब हमारा जीवन है। जिसमें डर है। दूर जन्म मृत्यु की सच्चाई है और बहुत सारी कमियाँ हैं।


व्यक्तिगत रूप से मुझे इन गिरी पर्वतों नदी घाटियों जंगलों में घूमना बहुत पसंद है। साथ ही उन लोगों से मिलने की भी तमन्ना है जिनके साथ मैंने काफी लम्बा वक्त बिताया है।


पर्वतीय खेती का कार्य गति से नहीं एक सहज लय से होता है। जब से हमारी खेती नकदी आधारित हुई है उसकी लय में कमी आ चुकी है और उसकी गति बढ़ गयी है। छोटे असिंचित बिखरे खेतों से अपने परिवार की दर गुजर के लिये गति बढ़ाना जरूरी था।


हम जिनके आंगन से शानदार प्राकृतिक भू दृश्य दीखते हैं। जिनके पास साफ हवा पानी और दूर सामने सफेद चमकता हिमालय है,हमको वास्तव में कुछ अधिक उत्तेजना वाला कार्य प्रभावित करता है। कम से कम युवाओं के लिये कोई कार्य ऐसा जरुर चाहिए जो उनको समूह में मिले। चुनौती दे। साथ ही उससे कमाने का भी ठीक अवसर मिले।



आजकल एकांतवास में खेती बागवानी करते लोग अधिक रचनात्मक हुए लग रहे। कुछ खेत मटर से भरे हैं। अभी कुछ आलू बो रहे हैं। नदियों में पानी की मात्रा ठीक है। कुछ दिनों की गर्मी से जमीन सूख गयी है लेकिन सुबह शाम की ठंड कम नहीं हुई है। हमको नहीं मालूम कि कोरोना से कितने लोग प्रभावित हैं। हमको जानना है लगातार और ये भी कि अमेरिका की धमकी के बाद हमारे प्रधानमन्त्री ने क्या कदम उठाये और कैसे बाजार से कुनैन की गोली गायब हो गयी। शायद देश के बड़े बड़े सम्पन्न लोग दान पेटी भर दें। हम अपने दो जोड़ी कपड़े और टूटे मोबाईल से इन सबको चुनौती देने में जुटे रहते हैं। यकीनन अभी कुछ दिन के आराम से प्रकृति समृद्ध हुयी है और हमारे घर आंगन वन पंछियों के कलरव से गुंजायमान हैं। रातें बाघ की गुर्राहट में कट रही हैं। भौंरे तितली छोटे बड़े झींगुर भृंग सब जोश में हैं। हम मांसाहार बहुत कम करते हैं इसलिए खाद्यान्न की। हरेक घर में बड़ी मात्रा नहीं होगी लेकिन अभी हमारे गाँव में लोग दूसरे को भूखा नहीं रखते। वे ईर्ष्यालु जरुर हैं लेकिन उनमें दया काफी है। वे जानते हैं जीवन स्थायी चीज नहीं एक कुछ समय की वक्ती घटना है।